जालौन से लापता हुई महिला की भीमताल में मिली लाश, 400 किमी का सफर बना मौत का रहस्य
उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से 27 मई को एक महिला लापता हुई थी. उसकी लाश करीब 400 किलोमीटर दूर उत्तराखंड के नैनीताल जिले के भीमताल झील में अर्धनग्न अवस्था में मिली है. यह रहस्यमयी मौत न केवल महिला के परिवार बल्कि जालौन और उत्तराखंड पुलिस के लिए भी पहेली बन गई है. फिलहाल पुलिस इसे सुसाइड, मर्डर और प्रेम-प्रसंग से जोड़कर जांच कर रही है.
मृतक महिला की पहचान 30 वर्षीय पुष्पा देवी के रूप में हुई है. वो डकोर थाना क्षेत्र की रहने वाली थी. वो 27 मई को अपने पति ऋषि तिवारी के साथ मायके गंगाधाम, जालौन आई थी. पति उसे मायके छोड़कर उसी दिन डकोर लौट गया था. रात में जब उसने पत्नी को फोन किया तो कॉल नहीं लग सका. अगली सुबह यानी 28 मई को ऋषि दोबारा ससुराल आया और सास-ससुर से पुष्पा के बारे में जानकारी ली. सास निर्मला देवी और ससुर रामकुमार गोस्वामी ने बताया कि पुष्पा रात से ही गायब है.
कई दिनों तक परिजनों ने रिश्तेदारी और आसपास के इलाकों में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद जालौन कोतवाली में पुष्पा की गुमशुदगी दर्ज कराई गई. इस बीच 7 जून को उत्तराखंड के हल्द्वानी थाना क्षेत्र अंतर्गत भीमताल झील के पास एक महिला का अर्धनग्न शव मिलने की सूचना स्थानीय पुलिस को मिली. शव की तस्वीरें आस-पास के जिलों की पुलिस को भेजी गईं. जालौन पुलिस को जब इसकी जानकारी हुई तो पुष्पा के परिजन उत्तराखंड पहुंचे और शव की पहचान पुष्पा देवी के रूप में की.
इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पुष्पा जालौन से उत्तराखंड कैसे पहुंची. शुरुआती जांच में सामने आया है कि 27 मई की शाम पुष्पा घर से यह कहकर निकली थी कि वह बाजार जा रही है. लेकिन उसके बाद वह लौटकर नहीं आई.
पुलिस को शक है कि पुष्पा का किसी युवक से प्रेम संबंध हो सकता है और वह उसी के साथ गई हो. कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि गायब होने से पहले पुष्पा किससे संपर्क में थी, उसने किससे बात की और किन लोकेशनों पर उसका मोबाइल सक्रिय रहा.
मामले की जांच जालौन और उत्तराखंड पुलिस संयुक्त रूप से कर रही है. जालौन पुलिस ने पुष्पा की पृष्ठभूमि, रिश्तों और कॉल रिकॉर्ड से संबंधित तमाम जानकारियां इकट्ठा करनी शुरू कर दी हैं, वहीं नैनीताल पुलिस झील के आसपास के सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल की बारीकी से जांच कर रही है.
पुष्पा की मौत को लेकर अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं, क्या यह एक सोची-समझी हत्या है? क्या पुष्पा को बहला-फुसलाकर उत्तराखंड ले जाया गया? क्या उसने खुद अपनी जान ली या फिर किसी ने उसे झील में धकेला है? पुष्पा दो बच्चों की मां थी, बड़ा बेटा सिद्धार्थ और छोटा बेटा कार्तिक. दोनों अभी नाबालिग हैं. पुष्पा की शादी को 11 साल हो चुके थे और पारिवारिक जीवन सामान्य बताया जा रहा है.
फिलहाल यह मामला रहस्य बना हुआ है, लेकिन पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मौत की गुत्थी सुलझा ली जाएगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल सबूतों के आधार पर पुलिस जल्द किसी नतीजे पर पहुंचेगी.


राफेल के बाद S-400 के लिए मिसाइलें खरीदेगा भारत, रूस के साथ डील डन, Op सिंदूर में पाक के लिए बनी थीं काल
मध्य प्रदेश के बजट से जागी उम्मीदें, छोटे उद्योगों को रियायत और MSME के लिए अलग नियम की मांग
किन्नर समुदाय बनाएगा अपना अलग शंकराचार्य, महाशिवरात्रि पर होगा ऐलान, 250 ट्रांसजेंडर हिंदू धर्म में करेंगे वापसी
फ्रांस के साथ बड़ी डिफेंस डील को मंजूरी...सेना की बढ़ेगी ताकत
Maha Shivratri 2026: महाशिवरात्रि पर महाकालेश्वर मंदिर में 25 मिनट में होंगे दर्शन, कुबेरेश्वर धाम में इस साल नहीं बंटेंगे रुद्राक्ष
Surya Grahan 2026: कैसे देखें सूर्य ग्रहण? आसमान में नजर आएगा ‘रिंग ऑफ फायर’ का नजारा
कौन हैं खेमराज साहू? जिन्होंने हिमाचल की बर्फीली वादियों में लहराया तिरंगा, ‘राजिम कुंभ कल्प मेला 2026’ का किया प्रचार
स्मार्ट मीटर बने मुसीबत! बिजली बिल 4 गुना बढ़े, उपभोक्ता फोरम ने कंपनी को दिए हर्जाने के आदेश
IND vs PAK: उस्मान तारिक को लेकर भारत की क्या है तैयारी? ईशान किशन ने खोला राज
वीरभानपुर में तनाव, सुरक्षा घेरे में रहा इलाका