मंडला हादसा: नदी जैसी बह रही सड़क, युवकों की जान पर बन आई
मंडला। मंडला जिले में हो रही मूसलधार बारिश अब हादसों का कारण बनने लगी है। ताजा मामला मंडला जिले के आमानाला बायपास का है, जहां तेज बहाव के पानी में बाइक से जा रहे तीन युवक बह गए। इनमें से दो युवक तो किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे, लेकिन एक युवक अब भी लापता है।
घटना सोमवार देर शाम की बताई जा रही है। भारी बारिश के चलते आमानाला बायपास पुल के नीचे पानी का तेज बहाव था। इसी दौरान तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर पटपरा की ओर से मंडला की तरफ जा रहे थे। पानी का बहाव अधिक होने के कारण वे बाइक को पैदल लेकर पार करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन अचानक तेज धारा में बह गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही तीनों युवक पानी में घुसे, तेज बहाव ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान एक युवक तुरंत पानी से बाहर निकल आया, जबकि दूसरा कुछ दूर बहने के बाद किसी तरह किनारे तक पहुंचने में सफल रहा। तीसरा युवक, जिसकी पहचान कटनी निवासी राकेश सिंह धुर्वे पिता हीरालाल धुर्वे के रूप में हुई है, अब तक लापता है।
स्थानीय लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही तहसीलदार, थाना प्रभारी और कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की गई। हालांकि अंधेरा और तेज बहाव के कारण रेस्क्यू टीम को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस और प्रशासन की टीम ने घटनास्थल पर रात्रि तलाशी अभियान तो चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। अगली सुबह होते ही फिर से खोजबीन शुरू की गई। SDRF की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है ताकि लापता युवक की जल्द से जल्द तलाश की जा सके।
इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे खतरनाक जगहों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और भारी बारिश के दौरान ट्रैफिक को रोका जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। एक अन्य घटना में, उसी समय एक और बाइक बह गई थी, लेकिन सौभाग्य से उस बाइक पर सवार युवक समय रहते खुद को संभाल पाए और सुरक्षित बाहर निकल आए। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में नदियों, नालों और पुलों पर बहते पानी को पार करने की कोशिश न करें। थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। फिलहाल लापता युवक राकेश सिंह धुर्वे की तलाश जारी है और प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि जब तक युवक का पता नहीं चलता, रेस्क्यू ऑपरेशन बंद नहीं किया जाएगा।


विश्वविद्यालय का नया कदम, मोदी विचारधारा और RSS इतिहास शामिल
ऑस्ट्रेलियाई प्रतिनिधि बोले—भारत की विविधता है सबसे बड़ी ताकत
Financial Fraud Case: कमलेश पारेख प्रत्यर्पण, CBI की बड़ी कार्रवाई
क्या गर्मी में ग्रीन-टी से बढ़ेगी गर्मी? एक्सपर्ट की राय
IPL 2026 में राहुल का धमाका, रोहित-कोहली भी नहीं कर सके ऐसा
हेल्थ टूरिज्म में भारत की बड़ी छलांग, 2030 तक 16 अरब डॉलर का बाजार
सीएम साय का आदेश, सभी जिलों में सुरक्षा मानकों की होगी समीक्षा
नौसेना प्रमुख का म्यांमार दौरा, रक्षा सहयोग पर होगी अहम चर्चा
मोबाइल और सोशल मीडिया का असर, मानसिक स्वास्थ्य पर खतरा
सोडियम लेवल गिरा तो बढ़ सकता है खतरा, जानें लक्षण
Cabinet Expansion Buzz: सम्राट चौधरी का दिल्ली दौरा, क्या जल्द होगा विस्तार?
रचिन की एंट्री से बदलेगा गेम? टीम मैनेजमेंट का बड़ा फैसला
सरकार के कार्यों के आकलन में पत्रकारों की भूमिका सबसे बड़ी : मनीष जायसवाल