शादी से इनकार करने पर हुई थी डीएम के ड्राइवर की बेटी की हत्या
हाथरस। 14 जून को डीएम के चालक की बेटी कल्पिता शर्मा हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपित गुलशन उर्फ लुक्का को गुरुवार की रात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। एक लाख के इनामी बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी है।
वहीं, बदमाश की ओर से की गई फायरिंग में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है। पूछताछ में आरोपित ने बताया है कि वह कल्पिता से प्यार करता था और शादी करना चाहता था। कल्पिता ने शादी से इनकार कर दिया तो आरोपित ने उसे मौत के घाट उतार दिया।
डीएम राहुल पांडेय के सरकारी चालक राकेश शर्मा तहसील स्थित सरकारी आवास में परिवार के साथ रहते हैं। उनकी बेटी 24 वर्षीय कल्पिता शर्मा ने हाथरस के प्रेमरघु कॉलेज से जीएनएम का कोर्स किया था। मथुरा के जिला अस्पताल में वह प्रशिक्षण ले रही थी। 14 जून रात को वह अपनी मां उर्मिला के साथ बाजार खरीदारी के लिए जा रही थी। तहसील के गेट पर ही पहुंची थी तभी बुलेट पर सवार हमलावरों ने उन्हें रोका और कल्पिता पर गोली चला दी।
दोनों मां-बेटी स्कूटी सहित गिर गई। मां के शोर मचाने पर हमलावर हथियार लहराते हुए फरार हो गए। कल्पिता की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।
इस संबंध में पिता की तहरीर के आधार पर सादाबाद निवासी गुलशन, उसका साथी नवीन, पुत्रवधू ज्योति, उसकी बुआ गायत्री और बुआ का बेटा सूरज के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस ने रविवार को मुठभेड़ के बाद नवीन को दबोचा था। पुलिस की जांच में सामने आया है इस हत्यकांड में दो नहीं बल्कि चार युवक शामिल थे। सीसीटीवी में वह घटनास्थल के पास सफेद अपाचे बाइक पर खड़े हुए दिखे।
कुछ दिन बाद पुलिस ने गुलशन के दो और दोस्त भारत और अभिषेक को भी मुठभेड़ के बाद दबोच लिया था। गुलशन फरार चल रहा था। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया।
गुरुवार की रात को मथुरा-बरेली बाईपास पर हाथरस गेट पुलिस और एसओजी टीम को एक संदिग्ध युवक बाइक पर आता दिखा। पुलिस ने उसे रोका तो उसने बाइक दौड़ा दी। पुलिस ने नगला सिंघी के पास उसकी घेराबंदी की तो उसने फायर कर दिया।
गोली पुलिस आरक्षी प्रिंस कुमार को लगी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। आरोपित के दोनों पैरों में गोलियां लगीं। पूछताछ में सामने आया है बाइक सवार युवक गुलशन है, जिसने 14 जून को कल्पिता की हत्या की थी। पुलिस ने बदमाश और पुलिसकर्मी को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया।
एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा के अनुसार पूछताछ में गुलशन ने बताया है कि वह कल्पिता से प्यार करता था। वह उससे शादी करना चाहता था। कल्पिता की शादी दूसरी तय कर दी गई। कल्पिता गुलशन से शादी नहीं करना चाहती थी। इसी बात से गुस्सा होकर उसने योजना बनाकर कल्पिता की हत्या की थी।
ज्योति के इशारे पर हत्या की बात से इनकार
कल्पिता के पिता ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें आरोप था कि उनका पुत्रवधु ज्योति से विवाद चल रहा है। ज्योति ने ही कल्पिता की हत्या कराई है। मुकदमे में उन्होंने ज्योति, उसकी बुआ गायत्री देवी, बुआ का बेटा सूरज उसके साथी गुलशन और प्रवीन के खिलाफ अभियोग दर्ज कराया था। एसपी के अनुसार, गुलशन ने इस हत्याकांड में ज्योति का हाथ होने से इनकार किया है।
लाइसेंसी रिवाल्वर, बाइक बरामद
आरोपित के कब्जे से एक लाइसेंसी रिवाल्वर, जिंदा व खोखा कारतूस व एक बाइक बरामद हुई है। यह रिवाल्वर कल्पिता के पिता राकेश शर्मा की बताई जा रही है जो कि डेढ़ वर्ष पूर्व चोरी हो गई थी। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक हाथरस गेट अरविंद कुमार राठी, एसओजी प्रभारी धीरज गौतम टीम के साथ शामिल रहे।


असम चुनाव परिणामों के बाद कांग्रेस नेता का तीखा बयान
भीषण गर्मी में राहत: सुखबासुपारा में नलकूप खनन से दूर हुई पेयजल समस्या, ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
शांति की पहल या रणनीति? Iran के प्रस्ताव पर उठे सवाल
रोजाना शकरकंद खाने से मिलते हैं जबरदस्त हेल्थ बेनिफिट्स
दिनभर की धूप के बाद Delhi में बारिश-ओले से मौसम ने ली करवट
TMC को घेरा, क्रिकेटर मनोज तिवारी के बयान से विवाद बढ़ा
नीलामी प्रक्रिया से बाहर किए जाने पर काल सोमानी ग्रुप ने जताई आपत्ति
20 वर्षीय बेगम के साथ शादी बनी सुर्खियों का कारण
United States बोला— टैरिफ लगाना हमारा अधिकार, Beijing पर बढ़ी टेंशन
शांति से जश्न मनाने की अपील, नहीं तो होगी अनुशासनात्मक कार्रवाई
मुख्यमंत्री के 'सुशासन' संकल्प से आ रहा बदलाव
ओवरटेक करने की कोशिश बनी मौत का कारण, एक्सप्रेसवे पर भीषण टक्कर
ओवरवेट महिलाओं को क्यों रहता है फाइब्रॉइड का ज्यादा जोखिम?
Mamata Banerjee बोलीं—जनता नहीं हारी, हमें हराया गया